Simdega: दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची के आयुक्त मनोज कुमार ने शुक्रवार को सिमडेगा जिले का दौरा कर पर्यटन, ग्रामीण विकास, कृषि और शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रामरेखा धाम में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की, अबुआ आवास योजना के लाभुकों से मुलाकात की, किसानों की सामूहिक खेती का जायजा लिया और विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण किया.
रामरेखा धाम के विकास कार्यों की समीक्षा
दौरे की शुरुआत प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल रामरेखा धाम से हुई, जहां आयुक्त ने पूजा-अर्चना के बाद विकास योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में रामद्वार, अन्नक्षेत्र (कैफेटेरिया), मुक्ताकाश रंगमंच, संग्रहालय, कियोस्क, गज़ीबो, लक्ष्मण एवं सीता कुंड का सौंदर्यीकरण, बहुउद्देशीय भवन, विवाह मंडप, पार्किंग, उद्यान, सार्वभौमिक सुविधा युक्त शौचालय, सौर ऊर्जा संयंत्र और अग्निशमन व्यवस्था सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई. आयुक्त ने सभी कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए. साथ ही परियोजना के विभिन्न स्थलों के लिए रामचरितमानस से प्रेरित नाम रखने का सुझाव भी दिया. इस अवसर पर रामरेखा धाम समिति ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया.
अबुआ आवास लाभुकों से मिले, गृह प्रवेश कराया
इसके बाद आयुक्त पाकरटांड़ प्रखंड के कैरबेड़ा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने अबुआ आवास योजना के तहत बने दो आवासों का उद्घाटन कर लाभुकों का गृह प्रवेश कराया. लाभुकों ने बताया कि पहले वे कच्चे और खपरैल मकानों में रहते थे. अंतिम किस्त की राशि लंबित होने की जानकारी मिलने पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
किसानों की सामूहिक खेती का लिया जायजा
कोचेडेगा पंचायत के बांसपहार गांव में आयुक्त ने सामूहिक कृषि कार्यों का निरीक्षण किया. किसानों ने बताया कि शंख नदी से लिफ्ट इरिगेशन योजना के माध्यम से सिंचाई कर जरबेरा फूल, भिंडी, मिर्च, मक्का और अन्य सब्जियों की खेती की जा रही है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है.
50 विद्यार्थियों को बांटी साइकिलें
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालक विद्यालय, सिमडेगा में आयोजित मुख्यमंत्री उन्नति का पहिया योजना के तहत आयुक्त ने 50 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने और बेहतर भविष्य के लिए मेहनत करने का आह्वान किया.
हेरिटेज म्यूजियम का भी किया निरीक्षण
दौरे के अंतिम चरण में आयुक्त ने हेरिटेज सह म्यूजियम सेंटर का निरीक्षण कर सिमडेगा के ऐतिहासिक महत्व, अंग्रेजी शासनकाल से जुड़ी जानकारियों और संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों का अवलोकन किया. इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO READ: बोकारो: ‘हम आपको सुनते हैं’ कार्यक्रम में विधवा महिला को मिली त्वरित राहत
