Ranchi: डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए रांची जिला स्वास्थ्य विभाग ने शहर में विशेष सर्विलांस अभियान तेज कर दिया है. सोमवार को शहर के अलग-अलग वार्डों में स्वास्थ्य टीम ने घर-घर जाकर लोगों की जांच की और डेंगू से बचाव के बारे में जागरूक किया. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक , हर दिन शहर के 7 अलग-अलग वार्डों में यह अभियान चलाया जा रहा है. टीम बुखार से पीड़ित लोगों की जानकारी जुटा रही है और संभावित डेंगू मरीजों की पहचान भी कर रही है.
लोगों से की पानी जमा नहीं होने देने की अपील
अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने कूलर, पानी की टंकी, गमले, पुराने टायर और अन्य जगहों पर जमा पानी की जांच की, क्योंकि ऐसे स्थानों पर डेंगू फैलाने वाले मच्छर पनपते हैं. लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, सप्ताह में एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाने और कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की गई.

जारी रहेगा निगरानी और जागरूकता अभियान
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द या शरीर पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर से जांच कराएं. उन्होंने लोगों से पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का इस्तेमाल करने और मच्छरों से बचाव के अन्य उपाय अपनाने की भी सलाह दी. स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि डेंगू की रोकथाम के लिए निगरानी और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा. विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के प्रयास से ही रांची को डेंगू मुक्त बनाया जा सकता है.
ALSO READ: रांची में CAT की परमानेंट बेंच पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- बनाना नहीं है तो जमीन राज्य को वापस करें
