Koderma: जिले के मरकच्चो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पपलो पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय अम्बाडीह में सोमवार रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया.
गेट और दरवाजे तोड़कर खाया चावल
जानकारी के अनुसार देर रात हाथियों का झुंड स्कूल परिसर में घुस आया. हाथियों ने बाउंड्री गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चार कमरों के लोहे के दरवाजे भी तोड़ दिए. इसके बाद कमरों में रखा मध्याह्न भोजन (MDM) का चावल और अन्य सामग्री खा गए.
बाउंड्री वॉल को भी पहुंचाया नुकसान
हाथियों ने काफी देर तक परिसर में उत्पात मचाया और निकलने के क्रम में बाउंड्री वॉल को भी नुकसान पहुंचाया. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से हाथियों को खदेड़कर जंगल की ओर भगाया.
Also Read: एयरपोर्ट से ऑटो हटाने पर चालकों का विरोध, बोले- रोजी-रोटी पर पड़ा संकट
नुकसान का लिया जायजा
मंगलवार को घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजू यादव, स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे तथा नुकसान का जायजा लिया. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है. हाथियों ने किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है.
मुआवजे और सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में खदेड़ने तथा विद्यालय की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है. वहीं प्रभारी प्रधानाध्यापक राजू यादव ने वन विभाग और प्रखंड प्रशासन को आवेदन देकर हाथियों द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई की मांग की है.
