Koderma: डोमचांच नगर पंचायत सभागार में मंगलवार को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने की. बैठक में नगर के सभी 14 वार्डों से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे के निस्तारण, सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नगर विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने बैठक में नगर क्षेत्र में कचरा डंपिंग की समस्या को गंभीर बताते हुए इसके स्थायी समाधान पर विचार-विमर्श किया. बोर्ड के सभी सदस्यों ने जल्द से जल्द उपायुक्त से कचरे को निस्तारण की समस्या का समाधान करने की मांग की. फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उपयुक्त स्थल चिह्नित कर कचरे के निस्तारण की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया.
दुकानदारों को बकाया भुगतान करने के लिए नोटिस जारी करने का निर्णय
बैठक में नगर पंचायत द्वारा निर्मित दुकानों का किराया लंबे समय से बकाया रखने वाले दुकानदारों को 24 घंटे के भीतर भुगतान करने के लिए नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया. इसी प्रकार जिन संवेदकों द्वारा टेंडर की राशि जमा नहीं की गई है, उन्हें भी नोटिस जारी कर शीघ्र बकाया जमा करने का निर्देश दिया गया. निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई.
बरसात के मौसम में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बैठक में फॉगिंग मशीन खरीदने पर भी चर्चा की गई. तब तक के लिए झुमरी तिलैया से फॉगिंग मशीन मंगाकर नगर क्षेत्र में छिड़काव कराने की बात कही गई, ताकि लोगों को मच्छरों से राहत मिल सके.
सफाई व्यवस्था और प्रभावी बनाने के लिए एक मिनी JCB मशीन खरीदने का प्रस्ताव
बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए एक मिनी JCB मशीन खरीदने का भी प्रस्ताव रखा गया. इसके अलावा जिन स्थानों पर अधिक मात्रा में कचरा एकत्र होता है, वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करने की योजना बनाई गई, ताकि सीधे उसी में कचरा डाल सकें और बाद में ट्रैक्टर उसे निर्धारित स्थान तक पहुंचा सके. इससे नगर की सफाई व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी. नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने कहा कि नगर में जिन-जिन योजनाओं में अनियमितता बरती गई है, उन सभी की जांच कर संबंधित पदाधिकारी और ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि होल्डिंग टैक्स वसूली में अगर किसी भी कर्मी द्वारा अनियमितता बरतने या भ्रष्टाचार का आरोप आता है, तो उस पर जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. साथ ही नगर की अन्य कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. मौके पर नगर उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज, कार्यपालक पदाधिकारी शंभू प्रसाद सहित वार्ड पार्षद और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: बोकारो: DVC ऐश पॉन्ड की नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू, अवैध निर्माण और बिजली तारों के जाल से बढ़ी परेशानी
