Ranchi: राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने मंगलवार को रांची के कचहरी चौक स्थित नागा बाबा खटाल के पास एक दिवसीय सत्याग्रह आयोजित किया. कार्यक्रम के दौरान संगठन ने लोकतंत्र बचाने, वोट चोरी, सीट चोरी के विरोध और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग उठाई. सत्याग्रह में शामिल नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए. उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव, चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों और छात्रों के सामने आ रही समस्याओं पर चिंता जताई.
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का लिया गया संकल्प
सत्याग्रह के दौरान वक्ताओं ने कहा, कि लोकतंत्र की मजबूती जनता की भागीदारी, संविधान के सम्मान और पारदर्शी व्यवस्था से ही संभव है. सभी ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और जनसेवा के रास्ते पर चलकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प भी लिया. संगठन ने कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की राज्यसभा उम्मीदवारी रद्द किए जाने का भी विरोध किया और इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया. कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुणाल बनर्जी और झारखंड प्रभारी आशिका कुजूर सहित कांग्रेस और संगठन के कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा: सहारा इंडिया मामले में बड़ी कार्रवाई, कथित कार्यकारी निदेशक पी.के. पालित गिरफ्तार
