बोकारो: DVC ऐश पॉन्ड की नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू, अवैध निर्माण और बिजली तारों के जाल से बढ़ी परेशानी

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित DVC पावर प्लांट से ऐश पॉन्ड की ओर जाने वाली वर्षों पुरानी जर्जर पाइपलाइन को...

DVC की नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य और पाइपलाइन पर अवैध निर्माण व बिजली के तार
DVC की नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित DVC पावर प्लांट से ऐश पॉन्ड की ओर जाने वाली वर्षों पुरानी जर्जर पाइपलाइन को बदलने का कार्य बाजारटांड़ स्थित मंदिर के समीप से मंगलवार को शुरू कर दिया गया है. साढ़े तीन किलोमीटर लंबी इस नई पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास 24 जुलाई को डीवीसी के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया द्वारा किया गया था.

वर्तमान में DVC के मैकेनिकल प्रबंधक जसीम अहमद की देखरेख में संवेदक कंपनी ताज टेक्नो द्वारा हाइड्रा मशीन और कामगारों को लगाकर कार्य कराया जा रहा है. गौरतलब है कि निर्माण के बाद से अब तक इस पाइपलाइन को नहीं बदला गया था, जिससे यह काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी.

अवैध निर्माण और बिजली के तार बन रहे बाधा

इस कार्य में DVC प्रबंधन और संवेदक को स्थानीय स्तर पर भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है. पूर्व में DVC प्रबंधन ने जानवरों और बच्चों की सुरक्षा के लिए पाइपलाइन के ऊपर स्लैब ढलवाए थे. लेकिन बीते कुछ वर्षों में बाजारटांड़ और नूरीनगर के लोगों ने इन स्लैबों पर अवैध रूप से मकान, दुकान, गैराज और दो मंजिला भवनों की सीढ़ियों का निर्माण कर लिया है.

इतना ही नहीं, पूरे क्षेत्र में अवैध बिजली कनेक्शनों के तारों का जाल बिछा हुआ है और जहां स्लैब नहीं हैं, वहां लोगों ने कचरा भरकर डंपिंग यार्ड बना दिया है. कार्य के दौरान जब हाइड्रा मशीन से स्लैब हटाकर नई पाइप बिछाने की कोशिश की जाती है, तो अवैध निर्माण करने वाले लोग व्यवधान डालते हैं. वहीं, बिजली के लटकते तारों से शॉर्ट सर्किट और करंट लगने का गंभीर खतरा बना रहता है.

बिजली रही बाधित, काम की गति भी हुई प्रभावित

मंगलवार को सुरक्षा के लिहाज से प्रबंधक जसीम अहमद ने दिनभर पावर शटडाउन रखा. इसके कारण नूरी नगर, बाजारटांड़ और बोकारो थर्मल की आवासीय कॉलोनी के एक बड़े हिस्से में बिजली बाधित रही और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी. कार्यदायी कंपनी ताज टेक्नो के साइट इंचार्ज सोनू उमर और सुपरवाइजर संजय गिरी ने बताया कि अवैध निर्माण, गंदगी और बिजली के तारों के मकड़जाल के कारण काम की गति बुरी तरह प्रभावित हो रही है. DVC के GM एचआर एए कुजूर ने कहा कि मामले को लेकर अवैध निर्माण के कारण हो रहे व्यवधान पर संबंधित लोगों से बात की जाएगी.

ALSO READ: रांची: JPSC-JSSC भर्ती विवाद पर ABVP का प्रदर्शन, CBI जांच और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *