Chaibasa: सोमवार रात से हो रही नॉन स्टॉप बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. मौसम विभाग द्वारा भी तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था. इसे देखते हुए ओडिशा सरकार ने क्योंझर जिला सहित कई अन्य जिलों में सभी प्रकार के विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी है. मंगलवार की छुट्टी के बाद बुधवार को भी हर प्रकार के विद्यालय में छुट्टी की एडवाइजरी जारी की गई है.
पश्चिम सिंहभूम में स्कूली बच्चों को कोई राहत नहीं
वहीं पश्चिम सिंहभूम में भी बारिश का व्यापक प्रभाव देखने को मिला. बावजूद इसके स्कूली बच्चों को कोई राहत नहीं दी गई. समाजसेवी सह जन चेतना मंच के अध्यक्ष बिपिन जीत ने इस पर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा हैवी रैन फॉल के कारण बच्चों को दिक्कत हो सकती है. स्कूल प्रांगण जलमग्न हो गए हैं, रास्ते में पानी भरा हुआ है, छोटे-बड़े नदी-नाले सब उफना गए हैं. बारिश के साथ वज्रपात और मेघ गर्जन भी हो रही है. ऐसे में अभी अगले कुछ और दिनों तक निम्न दाब के कारण बारिश की संभावना बनी हुई है. उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार से कल बुधवार को विद्यालयों में छुट्टी देने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की नई सूची जारी, पश्चिमी सिंहभूम के नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
