सिमडेगा: जिले के बांसजोर ओपी क्षेत्र अंतर्गत तरगा पंचायत के कुरकुरा ब्रिंगा टोली के पास जंगल में एक जली हुई लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल की ओर जाते समय जले हुए शव को देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही बांसजोर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि शव पूरी तरह से जला हुआ है, जिससे मृतक की पहचान करना काफी मुश्किल हो रहा है. पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक कौन है और घटना कैसे हुई.
Also Read: सिमडेगा के कोम्बाकेरा में फांसी लगाकर व्यक्ति ने की आत्महत्या
शव को कब्जे में लेकर शुरू की कानूनी प्रक्रिया
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पहचान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
पहले भी मिल चुकी है जली हुई लाश
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही जलडेगा थाना क्षेत्र के टीकरा गांव में भी एक व्यक्ति की जली हुई लाश बरामद हुई थी. लगातार इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र में लोगों के बीच डर और दहशत का माहौल बन गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

