लोहरदगा : मंडल कारा में कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर किया सड़क जाम

Lohardaga : मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान कुडू...

लोहरदगा मंडल कारा

Lohardaga : मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के पंडरा गांव निवासी 27 वर्षीरू जाहिद पवरिया (27 वर्ष) के रूप में हुई है. वह यौन शोषण के एक मामले में न्यायिक हिरासत में लोहरदगा मंडल कारा में बंद था. घटना के बाद जहां जेल प्रशासन ने नियमानुसार जांच कराने की बात कही है, वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कुडू में सड़क जाम कर दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की.

अचेत अवस्था में मिला जाहिद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के जेल में रोजाना की तरह कैदियों को नमाज के लिए जगाया जा रहा था. इसी दौरान जब जेल कर्मी जाहिद पवरिया को उठाने पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में मिला. उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए जेल प्रशासन ने तत्काल उसे एंबुलेंस से सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पूरे जेल परिसर में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी.

CCTV फुटेज में सामान्य दिखा जाहिद

जेलर मोहम्मद सोनू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की अप्राकृतिक गतिविधि सामने नहीं आई है. उन्होंने कहा कि जेल में लगे सीसीटीवी CCTV  कैमरों की जांच की गई है. जिसमें जाहिद मंगलवार की रात सामान्य रूप से भोजन करने के बाद अपने वार्ड में सोता हुआ दिखाई दे रहा है. बुधवार सुबह नमाज के लिए जगाने पर वह अचेत अवस्था में मिला. इसके बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जेलर ने कहा कि मामले की नियमानुसार जांच कराई जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

परिजनों ने किया सड़क जाम, यातायात प्रभावित

इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. उन्होंने जाहिद की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की. परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जानकारी नहीं दे रहा है. इसी को लेकर ग्रामीणों ने कुडू क्षेत्र में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की. सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और मौके पर पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी.

दंडाधिकारी की मौजूदगी में हो रहा पोस्टमार्टम

अनुमंडल पदाधिकारी SDO अमित कुमार ने बताया कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है. दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी बिंदु की अनदेखी नहीं होगी और जांच पूरी निष्पक्षता के साथ कराई जाएगी.

नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी

वहीं, पुलिस अधीक्षक SP सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि पुलिस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है. कुडू में सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे यातायात सामान्य हो सके. उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और अगर जांच में किसी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी.

 

ALSO READ : UNSC में भारत ने की जहाजों में हमले की निंदा, कहा- समुद्री सुरक्षा जरूरी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *