NewsWave Desk : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद UNSC में समुद्री मार्गों पर भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर हो रहे हमलों की निंदा की गयी. निंदा संयुक्त राष्ट्र UN में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने की. उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट और यूक्रेन के समुद्री मार्गों पर लगातार व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया जा रहा है. पिछले दिनों इन हमलों से 1 भारतीय नागरिक की मौत हो गई. जबकि 1 लापता है. इसके अलावा कई भारतीय घायल भी हुए हैं. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद UNSC की यह बैठक डेमोक्रेटिक रिपब्लिक कांगो की ओर से बुलाई गई.
भारत शांति, सुरक्षा और स्थिरता का पुरजोर समर्थक
पी. हरीश ने कहा कि भारत समुद्री यात्रियों को निशाना बनाने और होर्मुज जैसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर आजाद और सुरक्षित आवाजाही में बाधा डालने की निंदा करता है. भारत इस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए बातचीत और कूटनीति का पुरजोर समर्थन करता है. भारत ने सुरक्षा परिषद से मांग की है कि इस इलाके में कमर्शियल शिपिंग और आम लोगों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिये. इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय कानून के अनुसार इस क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर आजाद और बिना किसी रुकावट के आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए.
मीडिल ईस्ट भारत के लिये महत्वपूर्ण
पी हरीश ने कहा कि मिडिल ईस्ट भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता जरूरी है. उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ भारतीय रहते और काम करते हैं. उनकी सुरक्षा और भलाई भारत के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है. भारत का व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति नेटवर्क इस क्षेत्र से मजबूती से जुड़ा है.
ALSO READ : राज्य प्रशासनिक सेवा के तीन अफसरों पर चल रहे विभागीय मामलों में राहत, दो आरोपमुक्त और एक का दंड रद्द
