Koderma: रेल यात्रियों की सुरक्षा और मदद को लेकर धनबाद मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है. धनबाद मंडल के TTE राकेश कुमार ने गुरुवार को आसनसोल-धनबाद के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 13051 कालका एक्सप्रेस में एक 14 वर्षीय लापता बालक को खोजकर उसे सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया.
जनरल कोच में भयभीत हालत में मिला बालक
जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई को ट्रेन में टिकट जांच के दौरान TTE राकेश कुमार की नजर जनरल कोच में बैठे एक संदिग्ध और भयभीत बालक पर पड़ी. पूछताछ करने पर बालक ने अपना नाम रंगन घोष बताया. उसने बताया कि वह घर से निकलकर ट्रेन में आ गया था. TTE ने बालक से मिले स्कूल ID कार्ड की जांच की, जिसमें उसके पिता मानव घोष का संपर्क नंबर मिला. इसके बाद तुरंत उसके पिता से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई. पिता ने बताया कि उनका बेटा घर से लापता था और वे उसकी तलाश कर रहे थे.
RPF और GRP को सौंपा गया बालक
मामले की गंभीरता को देखते हुए TTE राकेश कुमार ने तत्काल धनबाद कमर्शियल कंट्रोल, RPF और GRP को सूचना दी. ट्रेन के धनबाद स्टेशन पहुंचने के बाद बालक को सुरक्षित रूप से RPF और GRP के हवाले कर दिया गया.बाद में बालक के पिता बंगाल पुलिस के साथ धनबाद पहुंचे। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद GRP ने बालक को सकुशल उसके पिता को सौंप दिया.

ALSO READ: पत्नी की हत्या के आरोपी पति की जमानत याचिका खारिज
रेल प्रशासन ने TTE के कार्य की सराहना की
बालक के पिता और बंगाल पुलिस ने धनबाद मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ और रेल प्रशासन की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय पहल की सराहना की. धनबाद मंडल ने भी TTE राकेश कुमार की कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है.
