–रांची में ऑफलाइन कोचिंग
–प्रवेश परीक्षा से होगा चयन
–स्टडी मटेरियल से लेकर इंटरव्यू तैयारी तक सब फ्री
Ranchi: झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना 2024 के तहत राज्य के अल्पसंख्यक वर्ग के मेधावी युवाओं के लिए बड़ी पहल की गई है. इस योजना के तहत JPSC और JSSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को मुख्यधारा की प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे लाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है. कोचिंग की पूरी व्यवस्था रांची स्थित झारखंड राज्य हज हाउस, कडरू (पांचवीं मंजिल) में की गई है, जहां चयनित छात्रों को ऑफलाइन माध्यम से आधुनिक सुविधाओं के साथ पढ़ाई कराई जाएगी. आवेदन की अंतिम तिथि 12 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है.
वही अभ्यर्थी आवेदन करेंगे जो झारखंड के स्थानीय निवासी व अल्पसंख्यक समुदाय से
योजना के तहत केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जो झारखंड के स्थानीय निवासी हों और अल्पसंख्यक समुदाय से आते हों. इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आवासीय प्रमाण पत्र तथा स्वघोषित शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा. अभ्यर्थी का स्नातक उत्तीर्ण होना जरूरी है और उसकी आयु 20 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए. साथ ही अभिभावक की वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. किसी भी सरकारी या निजी नौकरी में कार्यरत अभ्यर्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे. योजना का लाभ अधिकतम दो बार ही लिया जा सकता है.

चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से
अभ्यर्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा. चयनित छात्रों को पूरी तरह नि:शुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें अनुभवी शिक्षकों द्वारा नियमित कक्षाएं, सेमिनार, संपूर्ण अध्ययन सामग्री, साप्ताहिक और मासिक टेस्ट, मॉक टेस्ट के साथ-साथ इंटरव्यू की विशेष तैयारी और पर्सनालिटी डेवलपमेंट सत्र शामिल हैं. कार्यक्रम के तहत 23 अगस्त से प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे, जबकि प्रवेश परीक्षा 4 सितंबर 2026 को आयोजित होगी. परिणाम 15 सितंबर को जारी किया जाएगा और चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 21 सितंबर से शुरू कर कक्षाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी.
ALSO READ: लघु सिंचाई विभाग चाईबासा में वर्षों से जमे अभियंताओं का हो स्थानांतरण: जिला अध्यक्ष विश्राम मुंडा
