Seraikela-Kharsawan: जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी शुक्रवार को खुद मैदान में उतरे. उन्होंने कांड्रा, ईचागढ़ और तिरुलडीह थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का रियलिटी चेक किया. एसपी ने थानों में बैठकर सिर्फ रिपोर्ट लेने के बजाय सीधे रजिस्टर, लंबित मामलों की फाइल, हाजत, थाना परिसर और पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया.
लंबित केस और वारंट पर एसपी की नजर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने लंबित कांडों की स्थिति, जांच की प्रगति और मामलों के निपटारे में हो रही देरी की जानकारी ली. उन्होंने फरार आरोपियों के खिलाफ वारंट और कुर्की की कार्रवाई की भी समीक्षा की और अधिकारियों से लंबित मामलों को जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया.
रिकॉर्ड से लेकर गश्ती व्यवस्था तक की जांच
एसपी ने थाना के रजिस्टर, सीसीटीएनएस एंट्री, हाजत व्यवस्था और परिसर की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया. इसके साथ ही गश्ती व्यवस्था, पिकेट तैनाती और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस निगरानी की जानकारी ली.
“फाइल नहीं, फील्ड में काम दिखना चाहिए”
निरीक्षण के बाद एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि रात और सुबह की गश्ती प्रभावी होनी चाहिए और पुलिस की मौजूदगी सड़क पर दिखाई देनी चाहिए. एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और जनता के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि थाने जनता की सेवा के लिए हैं, सिर्फ फाइलों के लिए नहीं. अपराधियों पर सख्ती और आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय से ही पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होगा.

पुलिस महकमे में हलचल
एसपी के औचक निरीक्षण के बाद जिले के पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में लंबित मामलों और फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा सकता है.
ALSO READ: बोकारो थर्मल में DVC CSR की पहल से 50 टीबी मरीजों को छह महीने तक मिलेगा पोषाहार
