Chakradharpur: सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की लंबित सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने क्षेत्र के विकास और आम जनता की सुविधा को देखते हुए लंबित योजनाओं पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया.
NH-320D के चौड़ीकरण की मांग
सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-320D) के अंतर्गत चक्रधरपुर से राउरकेला तक लगभग 106 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग दोहराई. उन्होंने कहा कि यह मार्ग झारखंड के चक्रधरपुर को ओडिशा के राउरकेला से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय राजमार्ग है. वर्तमान में कई स्थानों पर सड़क संकरी होने और तीखे मोड़ों के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती हैं. वहीं सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जाम की समस्या से लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है.
फ्लाईओवर और बाईपास निर्माण का भी आग्रह
जोबा मांझी ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए NH-320D का प्राथमिकता के आधार पर चौड़ीकरण कराया जाए. साथ ही सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए फ्लाईओवर अथवा बाईपास निर्माण को स्वीकृति दी जाए.
औद्योगिक और आर्थिक विकास को मिलेगी गति
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से टाटानगर और राउरकेला जैसे दो प्रमुख औद्योगिक शहरों के बीच संपर्क और मजबूत होगा. इसके अलावा बीजू एक्सप्रेस-वे से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने पर पूरे जनजातीय क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.

तीन रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा भी उठाया
सांसद ने सिंहपोखरिया–झींकपानी, झींकपानी–तालाबुरू तथा तालाबुरू–केंदपोसी रेलवे समपार फाटकों पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण का मुद्दा भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाया. उन्होंने इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम होगी.
क्षेत्रवासियों को परियोजनाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद
गौरतलब है कि सांसद जोबा मांझी इससे पहले भी इन मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुकी हैं. एक बार फिर इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने से क्षेत्रवासियों में सड़क और यातायात संबंधी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है.
ALSO READ: बोकारो: प्रेमचंद की गाथा के साथ आधुनिक युग में खानपान और स्वास्थ्य पर चर्चा
