नागालैंड, असम सहित अन्य कंपनियों का प्रतिबंधित अवैध लॉटरी बरामद
Dhanbad: चिरकुंडा थाना क्षेत्र के बाबूडंगाल मोड़ स्थित BCCL का जर्जर दो मंजिला क्वार्टर से शुक्रवार की शाम गठित पुलिस टीम ने अवैध लॉटरी का प्रिंटिंग प्रेस का भंडाफोड़ किया है. मौके पर से करीब डेढ़ से 2 करोड़ रुपया का अवैध लॉटरी भी बरामद किया गया है. इस दौरान पुलिस टीम ने इस छपाई खाना में काम करने वाले लेदाहरिया निवासी स्वरूप मल्लिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. मुख्य सरगना सहित अन्य फरार हो गए हैं. पुलिस टेक्निकल सेल के माध्यम से मुख्य सरगना प्रकाश एवं भानु को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है. छापेमारी का नेतृत्व SDPO लीलेश्वर महतो कर रहे थे. छापेमारी टीम में SDPO के अलावा चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, एसआई अर्जुन सिंह, पवन कुमार राणा, मुकेश कुमार, परिमल दत्ता सहित अन्य मौजूद थे.

क्या है मामला
इस संबंध में बताया जाता है कि SDPO लीलेश्वर महतो को गुप्त सूचना मिली थी कि संगठित गिरोह के द्वारा प्रतिदिन करोड़ों रुपया का अवैध लॉटरी का कारोबार उक्त जर्जर भवन से किया जाता है. टीम के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. टीम ने मौके पर से अवैध लॉटरी के लिए प्रयुक्त होने वाली दो बड़ा प्रिंटर, 8 छोटा प्रिंटर, दो बड़ा कटर मशीन, लॉटरी छपाई के लिए प्रयुक्त होने वाली रंग, स्टीकर, दर्जनों बंडल कागज के अलावा विभिन्न तरह का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किया है. इस छपाई खाने से प्रतिदिन कार, टेंपो, स्कूटर के माध्यम से अवैध लॉटरी को झारखंड के जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो, रांची के अलावा पश्चिम बंगाल का आसनसोल, दुर्गापुर, वर्धमान भेजी जाती थी. पुलिस दो ट्रैक्टर पर छापाय खाना से सारा सामान लेकर थाना पहुंची है. नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चलाई जा रही है.
गोपनीय एवं संगठित रूप से किया जाता था काम, छापेमारी में इसी धंधे से जुड़े लोगों की हाथ रहने की चर्चा
जहां यह छपाई खाना चलता था, वहीं के आसपास के दो संगठित गिरोह के व्यक्ति इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड बताए जा रहे हैं. इसी धंधे में उनके कंपीटीटर्स ने इसकी जानकारी पुलिस को दिया और छापेमारी करवाने की चर्चा क्षेत्र में बना हुआ है.
पूरे क्षेत्र में लघु उद्योग बना हुआ है यह अवैध लॉटरी का कारोबार
अवैध कोयला कारोबार के नाम पर बदनाम निरसा में अवैध लॉटरी का कारोबार कोयला से कई गुना आगे बढ़ गई है. निरसा बाजार, भलजोरिया रोड, पांडरा मोड़, चिरकुंडा, पंचेत, मैथन, सिंदरी मोड़, कालूबथान, बिरला ढाल से लेकर प्रखंड कार्यालय परिसर तक में यह अवैध धंधा संचालित है. प्रतिदिन 10 करोड़ से अधिक का अवैध लॉटरी झारखंड एवं पश्चिम बंगाल में इस क्षेत्र से भेजी जाती है. गांव से लेकर शहर तक केवल निरसा विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार की संख्या में इसका एजेंट हैं.
इन कंपनी का मिला है अवैध लॉटरी
झारखंड में प्रतिबंधित डीयर, यमुना, ड्रीम सहित अन्य कंपनियों का अवैध लॉटरी उक्त स्थान से पुलिस ने बरामद किया है. जिसका बाजार मूल्य करीब डेढ़ से 2 करोड़ बताया जा रहा है.

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
इस संबंध में SDPO लीलेश्वर महतो ने कहा कि लाखों रुपया का अवैध लॉटरी पुलिस ने बरामद किया है. मुख्य सरगना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी. वहां प्रिंटिंग मशीन चलाकर अवैध लॉटरी को क्षेत्र में खपाया जाता था.
