गिरिडीह में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, ताला तोड़कर डेढ़ लाख की संपत्ति पर किया हाथ साफ, परिवार बिहार से लौटा तो उड़ गए होश

Giridih: गिरिडीह जिला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झारियागादी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 1.50 लाख रुपये...

टूटा ताला और बिखरा सामान दिखाते पीड़ित परिवार
टूटा ताला और बिखरा सामान दिखाते पीड़ित परिवार

Giridih: गिरिडीह जिला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झारियागादी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य की नकदी, जेवरात और घरेलू सामान की चोरी कर ली. घटना की जानकारी उस समय हुई जब पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देख मकान मालिक को फोन कर सूचना दी. परिवार जब बिहार से वापस लौटा तो घर की हालत देखकर उनके होश उड़ गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

बिहार से लौटने पर सामने आई चोरी की वारदात

जानकारी के अनुसार झारियागादी निवासी पिंकी देवी अपनी मां की तबीयत खराब होने के कारण 22 जुलाई को पूरे परिवार के साथ बिहार स्थित अपने मायके गई थीं. उनके जाने के बाद से घर में ताला लगा हुआ था. इसी बीच अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए मुख्य गेट और घर के अंदर लगे तालों को तोड़ दिया तथा आराम से घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

गुरुवार की रात पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा और तत्काल पिंकी देवी को फोन कर इसकी सूचना दी. सूचना मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर ट्रेन से परिवार वापस गिरिडीह पहुंचा. घर में प्रवेश करते ही सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई. कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी समेत अन्य स्थानों की तलाशी लेकर चोर कीमती सामान लेकर फरार हो चुके थे.

पीड़िता ने बताया कि चोर मांग का टीका, चांदी की चेन, चांदी का पायल, कमरखोस, सिंदूर, कांसे के बर्तन तथा घर में रखे 20 हजार रुपये नकद अपने साथ ले गए. चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पिंकी देवी ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है और पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि सूने मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है. लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और चोरी की घटना से जुड़े संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं.

ALSO READ: राजस्व मामलों में लापरवाही पर सख्त हुए DC मंजूनाथ भजन्त्री, लंबित मामलों पर अधिकारियों पर लगेगा जुर्माना

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *