रांची में नियमित रक्तदान शिविर होंगे आयोजित, DC मंजूनाथ भजन्त्री ने तैयार कराया वार्षिक कैलेंडर

Ranchi: जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची जिला प्रशासन ने नियमित रक्तदान शिविर आयोजित...

Ranchi
बैठक करते डीसी

Ranchi: जिले में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची जिला प्रशासन ने नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है. शुक्रवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में रक्तदान शिविरों के आयोजन और ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता की समीक्षा की गई.

वार्षिक कैलेंडर तैयार कर नियमित रूप से शिविर आयोजित करने का निर्देश 

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि वर्षभर के लिए रक्तदान शिविरों का वार्षिक कैलेंडर तैयार कर नियमित रूप से शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि जिले में रक्त की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके. उपायुक्त ने कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, पुलिस विभाग, एयरपोर्ट, सार्वजनिक उपक्रमों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों सहित अन्य संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए. उन्होंने सभी विभागों और संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

ब्लड ग्रुप की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश

बैठक में सभी ब्लड बैंकों को अपने यहां उपलब्ध विभिन्न ब्लड ग्रुप की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि अस्पतालों और आम नागरिकों को समय पर सही जानकारी मिल सके. उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि समय पर उपलब्ध रक्त किसी भी मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है. उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों, विभिन्न संस्थानों और आम नागरिकों से रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाजहित में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की. बैठक में उपविकास आयुक्त संजय भगत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, सदर अस्पताल ब्लड बैंक की प्रबंधक मंजू कुमारी सहित विभिन्न निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: राजस्व मामलों में लापरवाही पर सख्त हुए DC मंजूनाथ भजन्त्री, लंबित मामलों पर अधिकारियों पर लगेगा जुर्माना

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *