Giridih: किसानों को दलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा गिरिडीह प्रखंड के तेलोडीह पंचायत में मूंग बीज का वितरण किया गया. कार्यक्रम के तहत पंचायत के लगभग 30 किसानों के बीच मूंग बीज वितरित किया गया. कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ दिलाने के लिए यह पहल की गई है. किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर मूंग की खेती करने तथा विभाग द्वारा दिए गए तकनीकी सुझावों का पालन करने की अपील की गई, ताकि बेहतर उपज प्राप्त हो सके.

गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध होने से खेती करने में होगी सुविधा
इस दौरान किसानों ने कृषि विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध होने से खेती करने में सुविधा होगी और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है. विभाग ने किसानों को फसल प्रबंधन, बीज उपचार और उन्नत कृषि तकनीकों की भी जानकारी दी, जिससे वे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें.
