Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर स्थित जिला कल्याण कार्यालय का शनिवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई एवं अभिलेखों के संधारण का जायजा लिया.
छात्रवृत्ति और साइकिल योजना की समीक्षा
इस दौरान उपायुक्त ने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजी एवं अभिलेखों का अवलोकन किया. साथ ही प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं तथा साइकिल वितरण योजना से संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों की गहन समीक्षा की. उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे तथा कार्यालयीय अभिलेखों का अद्यतन संधारण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने निर्धारित प्रक्रियाओं का पूर्ण अनुपालन करने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का भी निर्देश दिया.

अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, चक्रधरपुर, प्रशिक्षु आईएएस, परियोजना निदेशक आईटीडीए सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
