Weather Update : झारखंड में झमाझम बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट, तापमान में आएगी गिरावट

Ranchi : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. राज्य के ऊपर बने कम दबाव के...

झमाझम बारिश

Ranchi : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. राज्य के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसून ट्रफ के असर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई. जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक राज्यभर में लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा. साथ ही कुछ जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है.

तापमान और बारिश का हाल

पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश में सबसे अधिक 23.6 मिलीमीटर वर्षा दुमका जिले के महारो क्षेत्र में दर्ज की गई. वहीं, तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में दर्ज किया गया. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है.

क्यों मेहरबान है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की मुख्य ट्रफ रेखा इस समय जैसलमेर, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने वेल-मार्केड लो-प्रेशर एरिया, सीधे देहरी, मालदा से होते हुए पूर्व की ओर मणिपुर तक गुजर रही है. इसके अलावा, एक अन्य ट्रफ लाइन दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से लेकर उत्तर-पूर्वी बिहार तक फैली हुई है. जो मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों से गुजरते हुए समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर ऊपर तक ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रही है. इसी मौसमी तंत्र के प्रभाव से पूरे क्षेत्र में बादलों का डेरा जमा हुआ है.

01 से 07 अगस्त तक जाने कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

01 से 04 अगस्त : इस दौरान राज्य में सामान्यत बादल घिरे रहेंगे. राज्य के कुछ स्थानों से लेकर अनेक स्थानों तक हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा या गरज के साथ छींटे पड़ने की प्रबल संभावना है.
• 05 अगस्त : आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और राज्य के अनेक हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश व मेघगर्जन का दौर जारी रहेगा.
06 और 07 अगस्त : मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा और राज्य के कई स्थानों पर लगातार बारिश होने की संभावना है.

वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी

• 01 से 04 अगस्त तक : राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज, वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
• 05 अगस्त : इस दिन राज्य के उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों—विशेषकर हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है.

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों का मौसम

• 01 अगस्त : आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
• 02 अगस्त : बादल छाए रहने के साथ हल्के से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी. तापमान अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
03 और 04 अगस्त : लगातार बादलों का डेरा रहेगा और दो या अधिक बार बारिश के आसार है. इस दौरान अधिकतम तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.
• 05 अगस्त : बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. तापमान अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है.
06 और 07 अगस्त : आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा का दौर जारी रहेगा.

 

ALSO READ : Newswave Special: JPSC का बजट 55 करोड़, खर्च कर दिए पौने दस करोड़ और परिणाम सिर्फ विवाद 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *