बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) ने 11 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में 11,403 कस्टमर सर्विस एसोसिएट (Clerk/CSA) पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन कर चुके उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है.
महत्वपूर्ण तिथियां
IBPS Clerk Recruitment 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 अगस्त 2026 से शुरू हो चुके हैं. उम्मीदवार 21 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 10 और 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी, जबकि मुख्य परीक्षा 27 दिसंबर 2026 को होगी. अंतिम आवंटन की प्रक्रिया मार्च 2027 में पूरी की जाएगी.
कौन कर सकता है आवेदन
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का भारत का नागरिक होना जरूरी है. नेपाल, भूटान और भारत सरकार के नियमों के तहत पात्र अन्य उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. अभ्यर्थी की आयु 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए. यानी जन्म 2 अगस्त 1998 से पहले और 1 अगस्त 2006 के बाद नहीं होना चाहिए. उम्मीदवार के पास किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. साथ ही जिस राज्य के लिए आवेदन किया जा रहा है, वहां की स्थानीय भाषा का ज्ञान और कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान अनिवार्य है.
राज्यवार सबसे अधिक रिक्तियां
इस भर्ती में सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में 1,731, कर्नाटक में 1,414, महाराष्ट्र में 1,051, पश्चिम बंगाल में 946, गुजरात में 698, तमिलनाडु में 675, मध्य प्रदेश में 570, बिहार में 491 और पंजाब में 481 पदों पर भर्ती की जाएगी. इसके अलावा अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी रिक्तियां जारी की गई हैं.
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं, एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और डीईएसएम श्रेणी के उम्मीदवारों को 175 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा.
कितना मिलेगा वेतन
चयनित उम्मीदवारों को 24,050 रुपये से 64,480 रुपये प्रति माह तक का वेतन मिलेगा. इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), यात्रा भत्ता और बैंक के नियमानुसार अन्य भत्तों का लाभ भी दिया जाएगा.

ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले IBPS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद CRP CSA-XVI (IBPS Clerk 2026) लिंक पर क्लिक करें. New Registration के माध्यम से पंजीकरण करें और आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें. फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें. आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करने के बाद फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें.
ALSO READ:RERA प्रोजेक्ट्स की डेडलाइन बढ़ाने की तैयारी, घर खरीदारों पर पड़ेगा असर
