Bokaro: गोमिया प्रखंड के कर्री खुर्द पंचायत अंतर्गत पैसरा गांव में शनिवार को तालाब में डूबने से एक किसान की मौत हो गई. मृतक की पहचान 42 वर्षीय जयराम मांझी के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानवर धोने के दौरान हुआ हादसा
ग्रामीणों के अनुसार जयराम मांझी धान की बुआई के बाद अपने पालतू जानवरों को धोने के लिए गांव के तालाब में उतरे थे. इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूब गए. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर तालाब में नहा रहे साहेबराम टुडू ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी.
घंटों खोजबीन के बाद मिला शव
सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में तालाब के पास पहुंचे. झागर और जाल की मदद से घंटों खोजबीन की गई, जिसके बाद जयराम मांझी का शव तालाब से बाहर निकाला गया.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना पर चतरोचट्टी थाना के एसआई कुंदन प्रसाद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया.
परिवार पर आर्थिक संकट
बताया गया कि जयराम मांझी परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है. इधर कर्री खुर्द पंचायत के मुखिया सोनाराम मुर्मू ने प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत मुआवजा और अन्य सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है.
ALSO READ: बोकारो में विस्थापित महाविद्यालय की कार्यशाला समाप्त, छात्रों को मिला अकादमिक मार्गदर्शन
