Pakur: झारखंड में आयोजित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में शनिवार को जिला समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. इसका नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक साहा ने किया. धरना में भाजयुमो एवं भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. धरना को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक साहा ने आरोप लगाया कि झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, उत्पाद सिपाही सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं. उन्होंने कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने और परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठने से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. मामलों की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि राज्य के युवा वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन कथित पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा: शुभम साहू हत्याकांड का 36 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; देसी कट्टा और गोली बरामद
