Ranchi: रांची में स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर 4 अगस्त को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह शिविर सुबह 11 बजे से रांची समाहरणालय के ब्लॉक-ए, प्रथम तल, कक्ष संख्या-108 में लगेगा. जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से रक्तदान करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि वे खुद भी रक्तदान करें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इस नेक काम के लिए प्रेरित करें. उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान के समान है. शिबू सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि अधिक से अधिक लोग इस मानव सेवा के अभियान से जुड़ें.

यह भी पढ़ें: झारखंड में चेहल्लुम और श्रावणी मेले को लेकर हाई अलर्ट: पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को दिए सुरक्षा के निर्देश
अधिकारी-कर्मचारी स्वेच्छा से करें रक्तदान
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन गरीबों, आदिवासियों और वंचित समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए समर्पित किया. उनका संघर्ष और जनसेवा आज भी लोगों के लिए प्रेरणा है. जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वेच्छा से रक्तदान शिविर में शामिल होकर मानवता की सेवा में योगदान देने की अपील की है.
