Ranchi: थाना क्षेत्र में अवैध बालू तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसी क्रम में शुक्रवार की मध्य रात्रि गश्ती के दौरान पेड़ाईडीह के समीप पुलिस ने बालू लदे एक संदिग्ध हाइवा को जब्त किया. पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया.
DSP के निर्देश पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार DSP ओम प्रकाश के निर्देश पर थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की. जब्त हाइवा को सलगाडीह पिकेट में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
नंबर प्लेट में छेड़छाड़ की आशंका
जांच के दौरान वाहन की नंबर प्लेट पर अंकित रजिस्ट्रेशन संख्या JH01DM609 संदिग्ध पाई गई. पुलिस को आशंका है कि वाहन की वास्तविक पहचान छिपाने के उद्देश्य से नंबर प्लेट में छेड़छाड़ की गई है.
चेसिस नंबर से होगी वाहन की पहचान
पुलिस अब हाइवा के चेसिस नंबर के आधार पर वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर और वाहन मालिक की पहचान करने में जुटी है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

ALSO READ: बोकारो थर्मल ओवरब्रिज से हटाई गई बालू और गंदगी, DVC के सफाई अभियान से लोगों को राहत
पुलिस टीम रही मौजूद
कार्रवाई में एसआई शंभु कुमार पंडित सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
