Ranchi: श्रावणी मेला शुरू हो गया है. इसे देखते हुए रांची में हर सोमवार को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. इस संबंध में ट्रैफिक एसपी ने गाइडलाइन जारी की है. हर सोमवार को पहाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. इसे देखते हुए कई अहम फैसले लिए गए हैं. पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाले कई मार्गों में वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है.
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का परिचालन बंद
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पहाड़ी मंदिर जाने वाले रास्तों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा. शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग, दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग, मीनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग, गौशाला कटिंग से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग, बालाजी मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला मार्ग पूरी तरीके से बंद रहेगा. यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों को भी कम समय के लिए रूट डायवर्ट या स्टॉप किया जा सकता है. रांची पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे पहाड़ी मंदिर के आस-पास अपने दो-पहिया या चार-पहिया वाहन खड़े न करें और केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें.

यह भी पढ़ें: शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर रांची समाहरणालय में लगेगा रक्तदान शिविर, DC ने की भाग लेने की अपील
यहां बनाए गए हैं पार्किंग स्थल
बिरला मैदान पार्किंग: कटहल मोड़, तिलता चौक, रातू और पिस्का मोड़ की तरफ से आने वाले वाहन को यहां पार्क किया जाएगा.
बानो मंजिल रोड स्थित मैदान में पार्किंग: धुर्वा, तुपुदाना, बिरसा चौक, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल.
रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान (मोराबादी) में पार्किंग: कांके, पिठोरिया, बूटी मोड़, रिम्स, करमटोली, कांटाटोली और लालपुर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल.
