पलामू: जिले के हुसैनाबाद नगर पंचायत में मंगलवार को नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय कुमार भारती और सभी वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह हुसैनाबाद अनुमंडल सभागार में आयोजित किया गया. इस दौरान पलामू की उपायुक्त समीरा एस ने सभी जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. समारोह में प्रशासनिक गरिमा के साथ उत्साह का माहौल भी देखने को मिला और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे.

विकास और जिम्मेदारी का संदेश
इस मौके पर उपायुक्त समीरा एस ने हुसैनाबाद के लोगों को शांतिपूर्ण मतदान कराने में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में जनता की भूमिका सराहनीय रही है. उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से अपील की कि वे संविधान का पालन करते हुए अपने क्षेत्राधिकार का उपयोग विकास कार्यों के लिए करें. साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि हुसैनाबाद के समग्र विकास के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करना होगा.
Also Read: मेदिनीनगर में खुले बिजली तारों से खतरा, विधानसभा में गूंजा सुरक्षा का मुद्दा
उपाध्यक्ष चुनाव और परिणाम
शपथ ग्रहण के बाद नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई. इस चुनाव में दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सुनील कुमार चौधरी को कुल 10 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी अनवर आलम को 6 मत मिले. इसके साथ ही निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता गौरांग महतो ने सुनील कुमार चौधरी को विजयी घोषित करते हुए उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा.
नई जिम्मेदारी और उम्मीदें
उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद सुनील कुमार चौधरी को अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. समारोह में बीडीओ हुसैनाबाद समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. नगर पंचायत के इस नए नेतृत्व से अब हुसैनाबाद के लोगों को विकास, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की नई उम्मीदें जुड़ गई हैं, और सभी की नजरें आने वाले कार्यों पर टिकी हुई हैं.

