व्रत में चटपटा खाने का मन? Chaitra Navratri में बनाएं ये 2 खास फलाहारी डिशेज

  NEWS DESK: नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व में व्रत का खास महत्व होता है, लेकिन इसका मतलब यह...

 

NEWS DESK: नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व में व्रत का खास महत्व होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि खाने में स्वाद की कमी हो जाए.कई बार लगातार एक जैसे साबूदाना और कुट्टू के पकवान खाते-खाते मन बोर होने लगता है, ऐसे में कुछ नया ट्राई करने का मन करता है.

ऐसे में दिल करता है कि कुछ ऐसा फलाहार मिले जो जल्दी बन जाए, शरीर को दिनभर ताकत दे और स्वाद भी मजेदार हो. इस चैत्र नवरात्र 2026 में अगर आप अपनी व्रत वाली थाली में थोड़ा बदलाव चाहते हैं, तो हम आपके लिए लेकर आए हैं दो आसान और टेस्टी रेसिपीज, जिन्हें आप जरूर ट्राई कर सकते हैं.

कुरकुरी राजगिरा भेल

व्रत के दौरान भी अगर कुछ चटपटा और स्ट्रीट फूड जैसा खाने को मिल जाए, तो मजा दोगुना हो जाता है. राजगिरा से बनी यह भेल हल्की, कुरकुरी और स्वाद से भरपूर होती है, जो आपको तुरंत एनर्जी भी देती है और खाने का मजा भी बनाए रखती है.

सामग्री

  • 2 कप फूला हुआ राजगिरा
  • ½ कप मूंगफली
  • ¼ कप कटे काजू-बादाम
  • 10–12 कढ़ी पत्ते (व्रत अनुसार)
  • 2 चम्मच किशमिश
  • 2 चम्मच सूखा नारियल (बारीक कटा)
  • स्वादानुसार सेंधा नमक
  • 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 चम्मच शुद्ध देसी घी

अगर आप इसे और फ्रेश और हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो इसमें बारीक कटा टमाटर, खीरा और एक छोटी गाजर भी मिला सकते हैं.ऊपर से थोड़ा हरा धनिया और आधा चम्मच नींबू का रस डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

बनाने की विधि

  • सबसे पहले कड़ाही को गैस पर रखकर उसमें घी गरम करें. घी पिघलने के बाद कढ़ी पत्ते डालें और फिर मूंगफली डालकर मध्यम आंच पर 3–4 मिनट तक भून लें.
  • जब मूंगफली हल्की कुरकुरी हो जाए, तब उसमें काजू और बादाम डालें और 1–2 मिनट तक चलाते हुए भूनें. इसके बाद आंच धीमी कर दें और सूखा नारियल व किशमिश डालकर कुछ सेकंड हल्का सा भून लें.
  • अब इसमें फूला हुआ राजगिरा, लाल मिर्च पाउडर और सेंधा नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए 1–2 मिनट तक हल्का सा भून लें, फिर गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें.
  • यह सूखी भेल आप एयरटाइट डिब्बे में रखकर कुछ समय तक स्टोर भी कर सकते हैं.

जब खाने का मन हो, तो एक बाउल में भेल निकालें और उसमें कटी हुई गाजर, खीरा, टमाटर, हरा धनिया और थोड़ा नींबू रस मिलाएं. कुछ ही मिनटों में आपकी टेस्टी और क्रंची फलाहारी भेल तैयार है.

पनीर-लौकी का चीला

अगर व्रत में आप कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो हल्का होने के साथ पेट भी भर दे और शरीर को भरपूर एनर्जी दे, तो पनीर और लौकी से बना यह चीला एक बेहतरीन ऑप्शन है.

सामग्री

  • 200 ग्राम पनीर
  • ½ लौकी (कद्दूकस की हुई)
  • ¼ कप कुट्टू का आटा
  • ½ चम्मच भुना जीरा पाउडर
  • ½ चम्मच काली मिर्च पाउडर
  • 1–2 बारीक कटी हरी मिर्च
  • ¼ कप ताजा हरा धनिया
  • स्वादानुसार सेंधा नमक
  • घी (सेंकने के लिए)
  • जरूरत अनुसार पानी (घोल बनाने के लिए)

बनाने की विधि

  • सबसे पहले एक बर्तन में लौकी और पनीर को कद्दूकस करके मिला लें. अब इसमें कुट्टू का आटा, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और सभी मसाले (सेंधा नमक, काली मिर्च, भुना जीरा) डालकर अच्छे से मिक्स करें. थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें, ध्यान रहे घोल बहुत पतला न हो.
  • अब तवा या नॉन-स्टिक पैन गर्म करें और उस पर हल्का सा घी लगाकर चिकना कर लें। तैयार घोल का एक बड़ा चम्मच तवे पर डालें और हल्के हाथ से गोल आकार में फैला दें.
  • मीडियम आंच पर इसे कुछ मिनट तक पकने दें. जब नीचे की तरफ से सुनहरा और हल्का कुरकुरा हो जाए, तो पलटकर दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें।
  • गरमागरम, सॉफ्ट और टेस्टी चीला तैयार है. इसे दही या व्रत वाली हरी चटनी के साथ सर्व करें और आनंद लें.
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *