Kabul: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुए एक भीषण हवाई हमले में सैकड़ों निर्दोष लोगों की जान चली गई. इस एयरस्ट्राइक में कम से कम 400 बेगुनाहों की मौत हो गई, जबकि 250 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. यह हमला स्थानीय समयानुसार सोमवार रात करीब नौ बजे हुआ. अफगानिस्तान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के मुताबिक, इस हमले में एक बड़े ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल को निशाना बनाया गया. बताया जा रहा है कि लगभग 2000 बेड वाले इस अस्पताल का बड़ा हिस्सा हमले में तबाह हो गया. इस घटना पर अफगान क्रिकेटरों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

हमले से हुई मौत से मैं बेहद दुखी हूं : राशिद खान
अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर दुख और गुस्सा जाहिर किया. उन्होंने लिखा, ‘काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक के कारण आम नागरिकों की मौत की खबरों से मैं बेहद दुखी हूं. नागरिक घरों, शैक्षणिक संस्थानों या चिकित्सा ढांचे को निशाना बनाना, चाहे जानबूझकर हो या गलती से, युद्ध अपराध है.’ राशिद ने आगे कहा, ‘मानव जीवन के प्रति इस तरह की बेरुखी, खासकर रमजान के पवित्र महीने में, बेहद चिंताजनक और घृणित है. इससे केवल नफरत और विभाजन बढ़ेगा. मैं संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार संगठनों से इस घटना की पूरी जांच की मांग करता हूं और दोषियों को जवाबदेह ठहराने की अपील करता हूं. मैं इस कठिन समय में अपने अफगान लोगों के साथ खड़ा हूं. हम फिर से संभलेंगे और एक राष्ट्र के रूप में उठ खड़े होंगे. इंशाअल्लाह.’
इलाज के लिए भर्ती लोगों पर हमला : मोहम्मद नबी
अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी ने भी इस हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह हमला उन लोगों पर हुआ जो इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे. नबी ने लिखा, ‘रात में काबुल में एक अस्पताल में उम्मीद बुझ गई. इलाज के लिए आए युवाओं को पाकिस्तानी सैन्य शासन की बमबारी में मार दिया गया. अस्पताल के बाहर माताएं अपने बेटों का नाम पुकारती रहीं. रमजान की 28वीं रात उनकी जिंदगी छिन गई.’
पाकिस्तान ने हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया : अफगान सरकार
वहीं अफगान सरकार ने इस हवाई हमले की कड़ी निंदा की है. सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर सीधे आरोप लगाए कि उसने नागरिक ठिकानों और अस्पतालों को निशाना बनाया है. उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तानी सैन्य शासन ने एक बार फिर अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया और काबुल में एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल को निशाना बनाया, जिसमें इलाज करा रहे कई लोग मारे गए और घायल हुए.’ मुजाहिद ने इस घटना को मानवता के खिलाफ अपराध बताया. उन्होंने कहा कि हम इस अपराध की कड़ी निंदा करते हैं और इसे सभी मानवीय सिद्धांतों के खिलाफ तथा मानवता के विरुद्ध अपराध मानते हैं.’
सैन्य ठिकानों पर हमले किये गये : पाकिस्तान
दूसरी ओर पाकिस्तान ने अस्पताल को निशाना बनाने के आरोपों से साफ इनकार किया है. पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने केवल सटीक सैन्य कार्रवाई की है. तरार के अनुसार, ‘पाकिस्तानी सेना ने काबुल और नंगरहार प्रांत में सैन्य ठिकानों पर सटीक एयरस्ट्राइक किए हैं. इन हमलों में तकनीकी सहायता ढांचे और हथियार भंडारण केंद्रों को नष्ट किया गया.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हमारी कार्रवाई केवल उन ढांचों के खिलाफ की गई है जिनका इस्तेमाल अफगान तालिबान शासन के आतंकवादी नेटवर्क का समर्थन करने के लिए किया जा रहा था.’
