NewsWave Desk : जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों को सफलता मिली है. जहां जांच एजेंसियों ने बारामूला और पुलवामा जिलों में आतंकवादियों के दो मददगारों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है. भारतीय अधिकारियों की ओर से जारी जानकारी के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान ऐजाज अहमद गनाई के रूप में हुई है. गनाई को पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की एक संयुक्त टीम ने देर रात बारामूला के शीरी इलाके में एक वाहन जांच चौकी से गिरफ्तार किया. सुरक्षा बलों ने ऐजाज के पास से एक पिस्तौल, 10 कारतूस (नौ मिमी), एक मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.

राजपोरा के पास से एक अन्य आतंकी मददगार गिरफ्तार
इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने एक अन्य जांच अभियान चलाया. जिसमें सुरक्षा बलों ने पुलवामा जिले के राजपोरा क्षेत्र से एक अन्य आतंकी मददगार को गिरफ्तार किया है. जिसकी पहचान तौसीफ अहमद डार के रूप में हुई है. तौसीफ के पास से एक हैंड ग्रेनेड (हथगोला) और आपत्तिजनक पोस्टर बरामद हुआ. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि डार के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है.
कुलगाम घटना के बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और अन्य एजेंसियां इलाके में शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और देश-विरोधी तत्वों और उनके सपोर्ट नेटवर्क के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करती रहेंगी. कुलगाम में शुक्रवार को नाम पूछकर की गई मजदूरों की हत्या के बाद से घाटी में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं. हर संभावित आतंकी मददगार को पकड़ने के लिए ऑपरेशन तेज कर दिया गया है.

