Newswave Desk: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए IRCTC की नई बीटा वेबसाइट लॉन्च की है. 15 जुलाई 2026 को शुरू किए गए इस नए प्लेटफॉर्म का मकसद टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा तेज, आसान और भरोसेमंद बनाना है. नई वेबसाइट में आधुनिक डिजाइन और बेहतर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यूजर्स को पहले से बेहतर अनुभव मिलेगा. रेल मंत्रालय के तहत काम करने वाली IRCTC ने नई वेबसाइट का इंटरफेस पूरी तरह अपडेट किया है. लॉगिन से लेकर टिकट बुक होने तक का पूरा प्रोसेस अब पहले से ज्यादा आसान और आकर्षक बनाया गया है. वेबसाइट पर सभी जरूरी जानकारी साफ और व्यवस्थित तरीके से दिखाई देती है, जिससे टिकट बुक करने में कम समय लगता है.
तत्काल टिकट बुकिंग हुई तेज
IRCTC के अनुसार, नई वेबसाइट आने के बाद टिकट बुकिंग की स्पीड में भी सुधार हुआ है. हालिया आंकड़ों के मुताबिक 3 मिनट की तत्काल बुकिंग विंडो में 5 प्रतिशत से ज्यादा, 5 मिनट की विंडो में 3 प्रतिशत और 30 मिनट की विंडो में 2 प्रतिशत से ज्यादा बुकिंग बढ़ी है. जुलाई 2026 तक ऑनलाइन टिकट बुकिंग का हिस्सा बढ़कर 89.84 प्रतिशत हो गया है.
CAPTCHA और पॉप-अप से मिलेगी राहत
यात्रियों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए नई वेबसाइट में बार-बार आने वाले CAPTCHA और अनावश्यक पॉप-अप को काफी हद तक कम कर दिया गया है. इससे टिकट बुकिंग का अनुभव पहले से ज्यादा आसान और बिना रुकावट वाला होगा. नई वेबसाइट में स्लीपर, AC 3 टियर और AC 2 टियर जैसी सभी प्रमुख श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देती है. इससे यात्रियों को अलग-अलग विकल्पों की तुलना करने और जल्दी फैसला लेने में आसानी होगी.
लगातार होंगे नए बदलाव
IRCTC का कहना है कि यह सिर्फ नई डिजाइन वाली वेबसाइट नहीं, बल्कि रेलवे की डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. आने वाले समय में यात्रियों के फीडबैक के आधार पर वेबसाइट में लगातार सुधार किए जाएंगे, ताकि टिकट बुकिंग का अनुभव और बेहतर बनाया जा सके.

