Jamtara: गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के एनकाउंटर मामले में नया मोड़ सामने आया है.सुजीत सिन्हा की सास उषा देवी ने मीडिया से बातचीत में पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश बताते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि सुजीत सिन्हा की हत्या षड्यंत्र के तहत की गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.उषा देवी ने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति जेल से बाहर निकलना ही नहीं चाहता था, वह पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश क्यों करेगा और पुलिस पर गोली क्यों चलाएगा. उनका कहना है कि सुजीत सिन्हा को पहले भी जेल से बाहर जाने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने यह कहते हुए मना कर दिया था कि बाहर निकलते ही उसके दुश्मन उसकी हत्या कर देंगे.
एनकाउंटर की तस्वीरों पर सवाल खड़े किए
उन्होंने एनकाउंटर की तस्वीरों पर भी सवाल खड़े किए.उषा देवी के मुताबिक, रात में जो तस्वीर सामने आई, उसमें सुजीत सिन्हा सड़क पर दिखाई दे रहा था, जबकि सुबह जारी तस्वीर में उसका शव जंगल में दिखाया गया.उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों को देखते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए.
जेल में बंद अक्षत की मां से मुलाकात ठीक से नहीं हो पा रही
उषा देवी ने अपने 12 वर्षीय पोते अक्षत का जिक्र करते हुए कहा कि वह छठी कक्षा का छात्र है और इस घटना के बाद मानसिक रूप से बेहद परेशान है.उन्होंने आरोप लगाया कि चाईबासा जेल में बंद अक्षत की मां से उसकी मुलाकात ठीक से नहीं हो पा रही है. उनका कहना है कि जेल प्रशासन की मिलीभगत के कारण मुलाकात में दिक्कतें आ रही हैं और पर्याप्त भोजन व दवा भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है. उन्होंने यह भी दावा किया कि अक्षत कई बार आत्महत्या करने की बात कह चुका है. परिवार का कहना है कि मां के जेल में होने और पिता की एनकाउंटर में मौत के बाद बच्चा गहरे सदमे में है.घटना के बाद इलाके में तनाव और गहमागहमी का माहौल है. परिजनों ने सुजीत सिन्हा एनकाउंटर की न्यायिक या स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही या साजिश सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

