Palamu: डाल्टनगंज-भंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलोक कुमार चौरसिया सोमवार को श्रावण मास की प्रथम सोमवारी के पावन अवसर पर मेदिनीनगर सदर प्रखंड के दुबियाखाड़ स्थित शिव मंदिर परिसर एवं चैनपुर प्रखंड के ग्राम कंकारी में आयोजित भव्य कलश यात्रा में शामिल हुए. इस दौरान विधायक ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया. श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है, जो समाज में आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है. उन्होंने क्षेत्र के विकास और लोगों की खुशहाली की प्रार्थना करते हुए कहा कि महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो. इस धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा.

