Palamu: चैनपुर शाहपुर स्थित रिवर व्यू रिसोर्ट में सोमवार को टीआरआई संस्था की ओर से जल सुरक्षा, युवा सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भर पलामू विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि चैनपुर प्रखंड प्रमुख प्रभा देवी और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
स्थानीय स्तर पर रोजगार देना आवश्यक
परिचर्चा में भाग लेते हुए कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि जल संचयन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी ठहर नहीं पाता. सही तरीके से वर्षा जल संचयन कर कृषि के क्षेत्र में पलामू को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है. उन्होंने किसानों को ज्वार, बाजरा, अनार, अमरूद और संतरे आदि की खेती कर फसल से अधिक लाभ उठाने का सुझाव दिया. जेएसएलपीएस के स्किल डीएम नवल किशोर ने कहा कि पलामू के युवाओं में स्किल की कमी है, जिससे उन्हें अच्छे अवसर नहीं मिल पाते. पलायन रोकने के लिए युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार आधारित अवसर उपलब्ध कराने चाहिए. अखिल भारतीय पंचायत परिषद के पलामू जिला अध्यक्ष एवं मुखिया अरविंद तिवारी ने कहा कि रोजगार के संसाधन उपलब्ध न होने के कारण पलामू के युवाओं को पलायन करना पड़ता है, जिसे रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार देना आवश्यक है.
कई लोग उपस्थित
स्वयंसेवी संस्था ‘प्रधान’ के प्रिंस कुमार ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से युवाओं को जोड़ने की बात कही. वहीं जेएसएलपीएस के अवकेश कुमार व टीआरआई के आकिब जावेद ने स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में जागरूकता लाने पर बल दिया. कार्यक्रम में पैन आईआईटी के ओमप्रकाश व मिथिलेश कुमार, सरना समाज के जिला पाहन बिंदेश्वरी उरांव, क्वीन बोहरा, मनीष खान, संदीप किरो, निखिल मंडल, डोलन दत्ता, बलराम दास, शिखा देवी और नीति देवी सहित कई लोग उपस्थित रहे.

AlsoRead:रांची नगर निगम के 105 पुराने वाहनों की होगी स्क्रैपिंग, प्रक्रिया शुरू
