Ranchi: एजेसी संजीव झा की अदालत में मांडर के ज्वेलरी दुकान में 50 लाख की लूट मामले के आरोपी मो. शब्बीर उर्फ दाउद की जमानत पर सुनवाई हुई. अदालत में सुनवाई के दौरान आरोपी ने अपने वकील के माध्यम से पेशी दर्ज कराई. सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से कोई भी उपस्थित नहीं हुआ. उसके बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए अगली तिथि सात सितंबर निर्धारित कर दी.
क्या है मामला
मांडर थाना क्षेत्र के मिशन चौक एनएच पर स्थित शंकर एंड संस ज्वेलर्स में 11 फरवरी 2023 को 50 लाख के सोना व चांदी के गहनों की लूट हुई थी. तीन अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर लूट की घटना को अंजाम दिया. इस संबंध में दुकान के संचालक अभय सोनी ने मांडर थाना में तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. जिसमें उन्होंने बताया था कि 11 फरवरी 2023 को दिन के दो बजे एक बाइक पर तीन अपराधी उनके दुकान के पास आए. एक अपराधी बाइक लगाकर बाहर रेकी कर रहा था. जबकि हेलमेट लगाए दो अपराधी दुकान में घुसे और पिस्तौल की नोक पर दुकान में रखे एक किलो सोने के गहने और 10 किलो चांदी लूट ली तथा एक बैग में रखकर भाग गए.
Also Read: रांची नगर निगम के 105 पुराने वाहनों की होगी स्क्रैपिंग, प्रक्रिया शुरू

इस दौरान अपराधियों ने दुकान में चांदी दिखाने आए विकास कुमार और सुजीत कुमार का एक किलो चांदी के गहने भी ले गए. इधर सूचना मिलने के बाद मांडर पुलिस ने घटनास्थल पर लगे CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया. मांडर पुलिस ने मामले में एक आरोपी मो. शब्बीर उर्फ दाउद को घटना के कुछ दिन बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा. वर्तमान में वह जमानत पर जेल से बाहर है.
