Bokaro: चास नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर बोकारो विधानसभा विधायक श्वेता सिंह ने शुक्रवार को चास नगर निगम कार्यालय में समीक्षा बैठक की. बैठक में अपर नगर आयुक्त, चास संजीव कुमार के साथ शहर की आधारभूत संरचना, विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में उप महापौर पूजा कुमारी, नगर निगम के वार्ड पार्षद, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
योजनाएं धरातल पर दिखनी चाहिए: विधायक
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि चास शहर का सुनियोजित विकास, आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर योजना समयबद्ध तरीके से जमीन पर दिखाई देनी चाहिए.
पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
विधायक ने नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने पाइपलाइन लीकेज, अनियमित जलापूर्ति, कम प्रेशर और कई क्षेत्रों में समय पर पानी नहीं पहुंचने जैसी समस्याओं पर अधिकारियों से जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके रखरखाव को बेहतर बनाया जाए.
सफाई व्यवस्था और जलजमाव पर फोकस
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई. विधायक ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाना नगर निगम की जिम्मेदारी है. उन्होंने नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई, जलजमाव की रोकथाम और वार्डवार सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया.
अंडरग्राउंड सीवेज सिस्टम को बताया जरूरी
विधायक श्वेता सिंह ने चास शहर के लिए अंडरग्राउंड सीवेज सिस्टम को महत्वपूर्ण परियोजना बताया. उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे शहर के लिए आधुनिक सीवेज नेटवर्क जरूरी है. उन्होंने कहा कि इससे जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा और शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी.
ट्रांसपोर्ट नगर और बस स्टैंड परियोजना की समीक्षा
बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना पर भी चर्चा हुई. विधायक ने कहा कि यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी. अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर के लिए आवश्यक भूमि नगर निगम द्वारा क्रय की जा रही है. वहीं बस स्टैंड परियोजना को शेयरिंग मॉडल के माध्यम से विकसित किया जा रहा है और यह अंतिम चरण में है.
सार्वजनिक भूमि संरक्षण और विस्थापित क्षेत्रों पर चर्चा
विधायक ने बाजार समिति की भूमि के संरक्षण और सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण रोकने को लेकर भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसके अलावा विस्थापित वार्डों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन और सेल (SAIL) प्रबंधन के साथ संयुक्त उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने की बात कही गई. बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने चास शहर के विकास को गति देने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया.

ALSO READ: 50 लाख की ज्वेलरी लूट के आरोपी दाउद की जमानत पर सुनवाई टली, अब 7 सितंबर को होगी सुनवाई
