जन शिकायत निवारण दिवस ने नन्हे शिवांश के जीवन में जगाई नई रोशनी

    गुमला: जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से जिला प्रशासन न केवल नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहा है,...

 

 

गुमला: जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से जिला प्रशासन न केवल नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहा है, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद भी पैदा कर रहा है. इसका एक भावुक उदाहरण तब देखने को मिला जब पूनम देवी अपने 13 माह के पुत्र शिवांश साहू के साथ उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित से मिलने पहुंचीं और भावुक होकर आभार व्यक्त किया.

पूनम देवी ने बताया कि उनका पुत्र शिवांश समय से पहले (लगभग 6 माह में) पैदा हुआ था, जिसके कारण उसके दोनों आंखों के रेटीना में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी और वह देख नहीं पा रहा था. बच्चे के इलाज के लिए वे चेन्नई तक गईं, लेकिन भारी खर्च के बावजूद समुचित उपचार संभव नहीं हो पाया.इस स्थिति में परिवार अत्यंत निराश और परेशान था.

उन्होंने बताया कि एक परिचित के सुझाव पर वे जन शिकायत निवारण दिवस में अपनी समस्या लेकर उपायुक्त से मिलीं. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पहल की और अगले ही दिन बच्चे के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित कराई.

उपायुक्त के सहयोग से रांची स्थित IRIS अस्पताल में बच्चे का समुचित उपचार शुरू हुआ. शिवांश का पहला ऑपरेशन 14 अक्टूबर 2025 को और दूसरा ऑपरेशन दिसंबर 2025 में सफलतापूर्वक किया गया. ऑपरेशन के बाद अब बच्चा रोशनी को पहचानने लगा है, जो परिवार के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है.पूनम देवी ने बताया कि पूरे उपचार में लगभग 1.5 लाख रुपये का खर्च आया, लेकिन उपायुक्त के सहयोग से उन्हें आर्थिक चिंता नहीं करनी पड़ी. उन्होंने कहा कि यदि समय पर सहायता नहीं मिलती, तो उनके बच्चे का भविष्य अंधकारमय हो सकता था.

आज पुनः जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त से मुलाकात के दौरान पूनम देवी भावुक हो उठीं और उन्होंने उपायुक्त के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया. उपायुक्त ने परिवार को आश्वस्त किया कि बच्चे के आगामी लेंस ऑपरेशन सहित सभी आवश्यक उपचार की व्यवस्था कराई जाएगी और उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है.

यह पहल दर्शाती है कि जन शिकायत निवारण दिवस केवल समस्याओं के समाधान का मंच नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम बन रहा है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *