Gumla: शहर में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा विशेष रूप से जागरूकता रैली निकाली गई. इस जागरूकता रैली में लोगों को इस बात की जानकारी दी गई, कि नगर परिषद के कर्मी लगातार शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए काम कर रहे हैं. लेकिन लोगों का पूरा सहयोग नहीं मिल पाने के कारण शहर को पूरी तरह से स्वच्छ बनाने में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने के सपने को पूरा करने के लिए नगर परिषद की ओर से कपड़े की थैली का वितरण किया गया. साथ ही लोगों से अपील की गई, कि जब भी वे बाजार सामान खरीदने जाएं तो प्लास्टिक की जगह इसी थैली को अपने साथ लेकर जाएं. साथ ही लोगों से घर के कचरे को जहां-तहां न फेंकने और कचरे को जमा कर नगर परिषद कर्मी के आने पर उन्हें देने की अपील की गई.

लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना कार्यक्रम का उद्देश्य
इस अभियान में लोगों को जागरूक करने के लिए नगर परिषद की अध्यक्ष शकुंतला उरांव और उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी सहित नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार और अन्य कर्मी भी मौजूद रहे. इस पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को विशेष रूप से जागरूक करना था. नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने बताया कि साफ-सफाई की जिम्मेवारी नगर परिषद की है, लेकिन यह तभी पूरा हो पाएगा जब आम लोग इसमें पूरा सहयोग करेंगे. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि नगर परिषद अपने कर्मियों के माध्यम से सीमित संसाधनों के साथ बेहतर तरीके से शहर को स्वच्छ रखने का पूरा प्रयास कर रहा है.
कचरा उठाव नहीं होने पर सूचना देने की अपील
नगर परिषद के उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने आम लोगों से अपील की है, कि जिस भी इलाके में कचरे का उठाव नहीं हो पाया है, वहां से वे सूचना दे सकते हैं. सूचना मिलने के बाद नगर परिषद के कर्मी लगातार उस इलाके में जाकर साफ-सफाई करने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि लोग इस बात पर ध्यान नहीं देते कि उनका एक छोटा सा प्रयास निश्चित रूप से बड़े स्वच्छता अभियान का हिस्सा बन सकता है. लोग अपने घरों को तो साफ-सुथरा रखते हैं, लेकिन अपने घर की गंदगी को निकालकर सड़कों पर फेंक देते हैं. इससे न सिर्फ आम लोगों को परेशानी होती है, बल्कि यही गंदगी जब नाली में चली जाती है तो जल का निकासी भी सही रूप से नहीं हो पाता है. इसलिए हम सभी को यह प्रयास करना होगा कि अपने घर की तरह ही अपने आसपास के इलाकों को साफ-सुथरा रखना है.
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि उनका प्रयास है कि जिन इलाकों में नालियों और सड़कों की स्थिति सही नहीं है, उन्हें सही करवाया जाए ताकि आसानी से बारिश के दौरान शहर की गंदगी नदी से होकर बाहर निकल सके. लेकिन कई बार देखने को मिलता है कि लोग अपने घरों का कचरा नाली में फेंक देते हैं, जिससे नाली जाम हो जाती है और नगर परिषद के कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में हम सभी का प्रयास ही शहर को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभा सकता है.

