Palamu: झारखंड के पलामू जिले के चर्चित और कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार मंगलवार को उसके पैतृक गांव नावाडीह (हुसैनाबाद प्रखंड) में किया जाएगा. जामताड़ा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसका शव मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे तक गांव पहुंचने की संभावना है. जानकारी के अनुसार, गांव के बाहर स्थित कररबार नदी के तट पर उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस दौरान सुजीत सिन्हा की मां, भाई-बहन और पुलिस हिरासत में मौजूद उसकी पत्नी रिया सिन्हा के भी शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है. रिया सिन्हा चाईबासा जेल में बंद है. शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गांव तथा आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.

साहिबगंज से धनबाद शिफ्टिंग के दौरान हुआ एनकाउंटर
यह घटना रविवार रात जामताड़ा जिले की है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुजीत सिन्हा को कड़ी सुरक्षा के बीच साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था. रास्ते में जामताड़ा के पास सुजीत सिन्हा ने भागने की नीयत से पुलिस टीम पर गोली चला दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया मौके पर उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने लगाया फर्जी एनकाउंटर का आरोप
दूसरी तरफ, सुजीत सिन्हा के परिजनों ने पुलिस के इन दावों को खारिज किया है. सुजीत की सास उषा देवी ने इस घटना को ‘फर्जी मुठभेड़’ करार देते हुए पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

