Jamtara: JPSC और JSSC से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों के आंदोलन के बीच झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस पार्टी के प्रभारी समेत सरकार के कई लोग छात्रों से बातचीत के लिए तैयार हैं. छात्रों के साथ वार्ता का रास्ता खुला हुआ है और जल्द ही समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा.

सरकार ने अपनी ही एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई का दिया निर्देश- स्वास्थ्य मंत्री
मीडिया से बातचीत के दौरान इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के मामलों को लेकर कड़ा कदम उठाया है. उन्होंने दावा किया कि सरकार ने अपनी ही एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है. JPSC के अध्यक्ष को बर्खास्त किया गया है और कई लोगों को जेल भेजा गया है, जबकि आगे भी कार्रवाई जारी है.
बातचीत के जरिए समस्या का समाधान करेगी झारखंड सरकार
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में भी पेपर लीक के मामले सामने आते हैं, लेकिन वहां अपनी एजेंसियों पर कार्रवाई नहीं की जाती. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार छात्रों पर गोली या लाठी नहीं चलाती, बल्कि बातचीत के जरिए समस्या का समाधान करेगी. आंदोलन कर रहे छात्रों से अपील करते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को आंदोलन में शामिल नहीं किया जाए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जल्द छात्रों से वार्ता करेंगे और बातचीत के जरिए रास्ता निकाला जाएगा.

यह भी पढ़ें: पलामू: नहर में डूबने से बुजुर्ग की मौत, गांव में पसरा सन्नाटा
