Ranchi: झारखंड सचिवालय सेवा संघ के तत्वावधान में मंगलवार को दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर नेपाल हाउस एवं प्रोजेक्ट भवन परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, श्रद्धांजलि एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान सचिवालय सेवा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 80 यूनिट रक्तदान किया. संघ ने इस पहल को मानव सेवा और सामाजिक दायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया. श्रद्धांजलि सभा के साथ ही संघ ने अपनी विभिन्न न्यायोचित मांगों के समर्थन में पूर्व घोषित चरणबद्ध, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक आंदोलन का औपचारिक शुभारंभ भी कर दिया.

शांतिपूर्ण और संवैधानिक होगा आंदोलन
संघ के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि सेवा हितों की लगातार हो रही उपेक्षा के खिलाफ यह आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर चलाया जाएगा. संघ का उद्देश्य अपने अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यसंस्कृति को बेहतर बनाना है.

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा
- – 05 अगस्त: मांगों के समर्थन में विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन.
- – 06 से 12 अगस्त: विरोध दर्ज कराने के लिए सप्ताह भर का काला बैज सप्ताह का आयोजन.
- – संघ ने रक्तदान शिविर में हिस्सा लेने वाले सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया साथ ही, आगामी मानव श्रृंखला और ‘काला बैज सप्ताह’ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है.


