Ranchi: नगर निगम ने आज भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल स्थित अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. निगम की इंफोर्समेंट टीम ने अभियान चलाकर यहां बने 12 अवैध ढांचों को हटाया और जमीन को कब्जामुक्त कराया. नगर निगम ने बताया कि इस जमीन पर जल्द ही एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) केंद्र बनाया जाएगा. इस केंद्र में शहर से निकलने वाले कचरे की वैज्ञानिक तरीके से छंटाई, प्रसंस्करण और निस्तारण किया जाएगा. इससे रांची की ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था और बेहतर होगी. नगर निगम का कहना है कि उसकी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और जनहित में उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.



