Ranchi: प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित मीडिया विभाग की मासिक कार्यशाला में पार्टी की रणनीति को लेकर एक नया और आक्रामक तेवर देखने को मिला. बैठक में मुख्य रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि भाजपा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर जनता को भ्रमित करने की राजनीति कर रही है, जिसका मुकाबला अब कांग्रेस का मीडिया विंग पूरी आक्रामकता और तार्किकता के साथ करेगा. प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए रची जा रही साजिशों को अब जनता के सामने बेनकाब किया जाएगा.

भ्रम के जाल को आंकड़ों और तर्कों से तोड़ेंगे
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि आज देश और राज्य की राजनीति में प्रोपोगंडा हावी हो गया है. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश का युवा पेपर लीक के दर्द से जूझ रहा है, आम नागरिक आसमान छूती महंगाई से त्रस्त है, किसान खाद और कृषि उपकरणों की बढ़ी कीमतों से परेशान हैं और आम जनता चंदा चोरी जैसे कारनामों से आहत है. इन गंभीर और मूल समस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा का आईटी सेल और मीडिया तंत्र पूरी ताकत से भ्रम फैलाने में जुटा है. केशव महतो कमलेश ने पार्टी के प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की रीढ़ माना जाने वाला मीडिया विभाग ही जनता तक सही बात पहुंचाने का सबसे बड़ा माध्यम है. हमें संवाद के आधुनिक और पारंपरिक सभी माध्यमों का उपयोग कर भाजपा के इस छद्म आवरण को बेनकाब करना होगा.


राजेश कच्छप और सुबोध कांत सहाय के तीखे तेवर
कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप ने कहा कि मीडिया विभाग के सदस्य संगठन का वास्तविक चेहरा होते हैं. नेताओं के वैचारिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन मीडिया विंग का रुख ही पार्टी की अंतिम और आधिकारिक धारा तय करता है. उन्होंने प्रवक्ताओं को पूरी एकजुटता और स्पष्टता के साथ जनता के बीच उतरने की सलाह दी. पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस की नीतियां हमेशा जनहितैषी रही हैं, लेकिन कई बार हम अपनी बात को आक्रामक तरीके से जनता तक पहुंचाने में पीछे रह जाते हैं. इस अंतराल को अब पूरी तरह पाटना होगा. उन्होंने कहा कि झारखंड में जनविरोधी ताकतों और संघर्ष की स्थिति पैदा करने वालों की मंशा को नाकाम करने की बड़ी जिम्मेदारी वर्तमान मीडिया टीम के कंधों पर है.
ये रहे मौजूद
कार्यशाला के दौरान सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल, फेक न्यूज के खंडन और पार्टी के वैचारिक एजेंडे को जन-जन तक डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पहुंचाने के लिए तकनीकी सत्र भी आयोजित किए गए. यह तय किया गया कि विपक्ष के हर झूठे और भ्रामक आरोप का डेटा और तर्कों के साथ त्वरित खंडन किया जाएगा. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, मीडिया संयोजक लालकिशोर नाथ शाहदेव, डॉ. एम तौसीफ, सोनाल शांति, गजेंद्र सिंह, उज्जवल प्रकाश तिवारी, अख्तर अली, शकील अख्तर, डॉ. राजकिशोर राम, पूनम कुमारी, मृदुल राज, सैमसंग सुंडी, प्रताप यादव, राकेश तिवारी, देबू चटर्जी, जवाहरलाल, पूर्णिमा पांडे, पंकज तिवारी, इकरा उल हसन, सोनिया मिंस, सुनील उरांव, प्रेमनाथ मुंडा, राजीव नारायण प्रसाद, मृत्युंजय कुमार, जकाउल्लाह, साजिद अली खान, मनीष राज, अमित झा, डॉ. प्रसाद पासवान, साकेत सौरभ, प्रशांत पांडे, मनोज कुमार, सादिक अली, ज्योति आदित्य सिंह, अब्दुल करीम अंसारी, जितेंद्र यादव और प्रदीप पांडे सहित कई अन्य नेता शामिल हुए.

