Hazaribagh: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को बरही चौक पर भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. प्रशासनिक व्यवस्था के बीच आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार व डीडीसी रिया सिंह ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. मौके पर एसडीओ जोहन टुडू, एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बीडीओ जयपाल महतो, सीओ चंद्रशेखर कुणाल व थाना प्रभारी विनोद कुमार समेत कई अधिकारियों ने भी नमन किया. झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के चेयरमैन प्रो. जानकी यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

योगदान को किया याद
उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि दिशोम गुरु ने आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकार, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और झारखंड के विकास के लिए आजीवन संघर्ष किया. उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा. उन्होंने बताया कि बरही चौक का नामकरण ‘शिबू सोरेन चौक’ करने का प्रस्ताव जिला परिषद बैठक में पारित हो चुका है. प्रतिमा स्थापना को लेकर भी नियमानुसार विचार-विमर्श कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

कार्यकर्ताओं ने किया नमन
कार्यक्रम में झामुमो नेता व कार्यकर्ता जुलूस के रूप में चौक पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित किए. दिनभर लोगों का तांता लगा रहा. कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष और सादगी को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.

Also Read: शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर सचिवालय सेवा संघ का रक्तदान शिविर, चरणबद्ध आंदोलन का भी शंखनाद
नेताओं ने रखे विचार
प्रो. जानकी यादव ने कहा कि स्व. सोरेन ने झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी. झामुमो जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया ने कहा कि वे केवल नेता नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान थे. पूर्व प्रत्याशी बिनोद विश्वकर्मा ने भी चौक का नामकरण व प्रतिमा स्थापना की मांग दोहराई. इस अवसर पर यासीन खान, नीलकंठ महतो, विकास राणा, कुणाल यादव, देवानंद प्रसाद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे.

