Ranchi: रांची समेत पूरे झारखंड में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है. अखिल झारखंड छात्र संघ (छात्र आजसू) ने विधानसभा के सामने हुए लाठीचार्ज के विरोध में कई जिलों में जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया. राजधानी रांची में छात्रों ने रांची विश्वविद्यालय के मुख्य गेट से अल्बर्ट एक्का चौक तक बड़ा विरोध मार्च निकाला. अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. छात्र आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि JTET परीक्षा की मांग कर रहे निर्दोष छात्रों और नेता बबलू महतो पर लाठीचार्ज बेहद निंदनीय है.

दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई और जल्द JTET परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की गई, तो छात्र आजसू चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा.

