Hazaribagh: सेंट जेवियर्स स्कूल, हज़ारीबाग में आयोजित ” केलिडोस्कोप 2026 -अंतर विद्यालय प्रतियोगिता” के दूसरे दिन विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी भाषाई, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. पूरे दिन विद्यालय परिसर उत्साह, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और रचनात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा. दूसरे दिन की शुरुआत सीनियर स्कूल इंग्लिश एलोक्यूशन प्रतियोगिता से हुई, जिसमें कक्षा 8, 9 एवं 10 के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, प्रभावशाली उच्चारण एवं उत्कृष्ट अभिव्यक्ति के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए. प्रतिभागियों की वक्तृत्व कला और मंच संचालन क्षमता ने उपस्थित दर्शकों एवं निर्णायकों को प्रभावित किया. इस प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. रिज़वान अहमद (एसोसिएट प्रोफेसर एवं पूर्व विभागाध्यक्ष, अंग्रेज़ी विभाग, विनोबा भावे विश्वविद्यालय), डॉ. सत्येन्द्र कुमार (सहायक प्राध्यापक, अंग्रेज़ी विभाग, सेंट कोलंबा कॉलेज) तथा मनीषा सिन्हा (निदेशक, हैप्पी हिप्पो प्ले स्कूल) ने किया.

उत्कृष्ट प्रदर्शन
इसके बाद मिडिल स्कूल ग्रुप सिंगिंग (झारखंड लोकगीत) प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा और मधुर लोकधुनों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया. प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया. इस प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में सुब्बी तन्वी (प्रशिक्षित संगीतज्ञ), प्रीति सिन्हा (शिक्षिका एवं स्टेकहोल्डर) तथा श्वेता सिंह (सहायक प्राध्यापक, अंग्रेज़ी विभाग, विनोबा भावे विश्वविद्यालय एवं स्टेकहोल्डर) शामिल थीं. दिन की तीसरी प्रतियोगिता मिडिल स्कूल माइंडस्पार्क रही, जिसमें कक्षा 5, 6 एवं 7 के विद्यार्थियों ने अपनी तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच एवं समस्या-समाधान कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता का विकास करना था.

यादगार उत्सव
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि केलिडोस्कोप 2026 विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ भाषा, संस्कृति, संगीत एवं बौद्धिक विकास का प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है. दूसरे दिन का आयोजन भी अत्यंत सफल रहा, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. दिनभर चली प्रतियोगिताओं ने प्रतिभागियों की बहुआयामी प्रतिभा को नई पहचान दी तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और रचनात्मक अभिव्यक्ति की भावना को और अधिक सशक्त बनाया. केलिडोस्कोप 2026 का दूसरा दिन भी प्रतिभा, अनुशासन और सांस्कृतिक समृद्धि का यादगार उत्सव बनकर उभरा.

विकास में महत्वपूर्ण भूमिका
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, केलिडोस्कोप 2026 का भव्य समापन स्कूल के फाउंडर डे 5 अगस्त को होगा. समापन समारोह में तीन दिनों तक आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा. इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे. विद्यालय को विश्वास है कि यह आयोजन विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता तथा सांस्कृतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
AlsoRead:JPSC विवाद: न्याय की जिद बनाम सियासत की सुई, क्या छात्रों के हक की लड़ाई बन रही राजनीतिक अखाड़ा

