Bokaro: मंगलवार को झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा बोकारो के कार्यालय में प्रांतीय अध्यक्ष कर्ण कुमार सिंह पहुंचे. पुलिसकर्मियों और एसोसिएशन के सदस्यों ने उनका जोरदार स्वागत किया. प्रांतीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में प्रदेश एसोसिएशन की टीम आम सभा में शामिल हुई. आम सभा के उपरांत बोकारो के पुलिसकर्मियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आवश्यक पहल की गई.

जवानों की समस्याओं के समाधान की मांग
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कर्ण कुमार सिंह ने कहा कि आज कई समस्याओं से पुलिस जवान जूझ रहे हैं. राज्य में पुलिस बल की कमी के बावजूद आम जनता की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए जवान लगातार सक्रिय रहते हैं. उन्होंने कहा कि ट्रेजरी घोटाले के सामने आने के बाद भी कई निर्दोष जवानों के बैंक खातों पर रोक लगी हुई है. इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए एसोसिएशन लगातार सरकार और संबंधित प्राधिकारों के समक्ष अपनी बात रख रही है.

बैठक में झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री रमेश उरांव, उपाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, उपाध्यक्ष परमेश्वर महतो, संयुक्त मंत्री उपेंद्र नाथ मिश्रा, सहायक महामंत्री निर्भय राज, झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन बोकारो शाखा अध्यक्ष संजीत कुमार महतो, उपाध्यक्ष प्रफुल किंड, सचिव सुभाष चंद्र, कोषाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह तथा संयुक्त मंत्री राजेंद्र राम उपस्थित रहे.

ALSO READ: JPSC विवाद: न्याय की जिद बनाम सियासत की सुई, क्या छात्रों के हक की लड़ाई बन रही राजनीतिक अखाड़ा

