Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अरगुंडी के कोटसोना नदी में 2 अगस्त 2026 को मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया. पुलिस ने इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस के अनुसार, सभी गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.

विशेष टीम ने किया मामले का खुलासा
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोटसोना नदी में एक व्यक्ति का हाथ, पैर और सिर कटा हुआ शव पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ग्रामीणों की सहायता से उसकी पहचान ग्राम अरगुंडी निवासी जोन गागराई (30 वर्ष) के रूप में की. डॉग स्क्वायड एवं ग्रामीणों की मदद से शव के कटे हुए दोनों हाथ और दोनों पैर बरामद कर लिए गए, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद सिर बरामद नहीं हो सका.

मृतक के पिता गोपीनाथ गागराई के लिखित आवेदन के आधार पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 103/2026 के तहत धारा 103(1)/238 BNS 2023 में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मित्र उदय जामुदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने आठ अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी (टांगी) और हंसुआ से हत्या करने की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर मृतक का सिर घटनास्थल के समीप एक कुएं से बरामद किया गया. साथ ही हत्या में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी (टांगी) एवं एक हंसुआ भी बरामद किया गया.
छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी:
- सालुको जामुदा (50 वर्ष)
- वीरसिंह जामुदा (23 वर्ष)
- रामसिंह जामुदा उर्फ सिकन्दर जामुदा (48 वर्ष)
- गणेश जामुदा (40 वर्ष)
- नारेंद जामुदा (50 वर्ष)
- उदय जामुदा (46 वर्ष)
बरामद सामान:
- हत्या में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी (टांगी)
- हत्या में प्रयुक्त एक हंसुआ
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
ALSO READ: CBSE टेबल टेनिस प्रतियोगिता में DPS बोकारो के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, नेशनल में पहुंचे

