Ranchi: झारखंड सरकार द्वारा देवघर और बासुकीनाथ के हवाई दर्शन के लिए मंगलवार, 4 अगस्त से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई है. इस हवाई दर्शन सेवा के शुरू होने से श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया. लोग हवाई दर्शन के लिए काफी संख्या में पहुंच रहे हैं. हेलीकॉप्टर यात्रा का शौक रखने वालों के लिए किराया भी बहुत अधिक नहीं रखा गया है. हेलीकॉप्टर यात्रा का शौक रखने वाले लोग टिकट की एडवांस बुकिंग कराकर यात्रा कर सकते हैं. सरकार की ओर से इस सेवा के संचालन के लिए बेल-407 हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया गया है.

सुविधा के उद्देश्य से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू
ऐसे तो पूरे देश में सावन महीना सबसे पावन व पवित्र माना जाता है, लेकिन हिंदी भाषी प्रदेश जैसे झारखंड, बिहार व यूपी में सावन महीना एक उत्सव की तरह मनाया जाता है. झारखंड में बाबा नगरी देवघर व बासुकीनाथ मंदिर का इस सावन माह में महत्व काफी बढ़ जाता है. इसी को देखते हुए सावन के शुभ अवसर पर झारखंड सरकार भी राज्य की जनता को हर सुविधा उपलब्ध कराना चाहती है. इसी के तहत सरकार ने देवघर और दुमका में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है.

चार प्रकार के हेलीकॉप्टर पैकेज
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए चार प्रकार के हेलीकॉप्टर पैकेज उपलब्ध होंगे. देवघर और बासुकीनाथ के आकाशीय दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति 2,850 रुपये, देवघर दर्शन के लिए 3,750 रुपये तथा देवघर से बासुकीनाथ तक एकतरफा यात्रा के लिए 4,500 रुपये निर्धारित किए गए हैं.

Also Read: रांची: NHRC के सर्कुलर को चुनौती देने वाले PIL पर 20 अगस्त को HC में होगी सुनवाई
व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए विभागीय प्रतिनिधि नियुक्त
कैप्टन अमितेष आनंद को देवघर में विभागीय प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है. वे अस्थायी हेलीपैड, टिकट बुकिंग काउंटर, अस्थायी कार्यालय, प्रचार-प्रसार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे. वहीं, देवघर के उपायुक्त को हेलीपैड, टिकट काउंटर और विभागीय प्रतिनिधि के लिए वाहन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

