Chatra: जिले से एक सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है. टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में मंगलवार को आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए दुष्कर्म के एक आरोपी युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के दौरान आरोपी के पिता को भी भीड़ ने खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है.

क्या है पूरा मामला?
घटना की शुरुआत सोमवार की शाम से हुई, जब गांव की एक नाबालिग लड़की शौच के लिए बाहर निकली थी. आरोप है कि गांव के ही युवक मोहम्मद इमरोज ने नाबालिग का अपहरण कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. मंगलवार की सुबह पीड़ित लड़की किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। जैसे ही यह बात गांव में फैली, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा.

भीड़ ने घर घेरकर किया हमला, सड़क पर घसीटा
लड़की के परिजनों और ग्रामीणों की सैकड़ों की संख्या में भीड़ ने आरोपी मोहम्मद इमरोज के घर को घेर लिया. आक्रोशित भीड़ ने इमरोज को घर से खींचकर बाहर निकाला और लाठी-डंडों व पत्थरों से उस पर हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ ने आरोपी को सड़क पर बेरहमी से घसीटा और पीट-पीटकर अधमरा कर दिया. इस दौरान जब आरोपी के पिता ने उसे बचाने की कोशिश की, तो भीड़ ने उन्हें भी एक खंभे से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई की. बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी भीड़ के कोपभाजन का शिकार होना पड़ा.

अस्पताल ले जाते समय आरोपी की मौत
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल इमरोज को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत टंडवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हजारीबाग रेफर कर दिया गया, लेकिन हजारीबाग ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
इलाका छावनी में तब्दील, हमलावरों की तलाश जारी
इस घटना के बाद बड़गांव और आसपास के टंडवा क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. एहतियात के तौर पर पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है और भारी संख्या में बल तैनात किया गया है. पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के वीडियो फुटेज और तस्वीरों के आधार पर हमलावरों और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और छापेमारी जारी है.

